
पूर्वी सिंहभूम, 19 अप्रैल (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम जिले में झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की ओर से आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण और कड़ी निगरानी के बीच संपन्न हो रही है। शहर में इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए कुल 60 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 26,560 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होने पहुंचे। हालांकि कुछ अभ्यर्थी निर्धारित समय पर केंद्र नहीं पहुंच पाने के कारण परीक्षा से वंचित भी रह गए।

परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचार मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है, वहीं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग को रोकने के लिए जैमर भी लगाए गए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले तीन चरणों में सघन जांच से गुजरना पड़ रहा है, जिसमें मेटल डिटेक्टर के जरिए जांच भी शामिल है।
प्रशासन की ओर से प्रत्येक 12 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक (इनविजिलेटर) की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो सके। इसके अलावा शहर की यातायात व्यवस्था को भी विशेष रूप से सुगम बनाया गया है, जिससे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो।
यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली की परीक्षा सुबह शुरू हो चुकी है, जबकि दूसरी पाली शाम तक चलेगी। परीक्षा का समापन शाम 5 बजे तक निर्धारित है। इस परीक्षा के माध्यम से राज्य में डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी सहित विभिन्न प्रशासनिक पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
परीक्षा केंद्र प्रभारी डॉ. मोहम्मद साइनकर ने बताया कि सभी केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। वहीं परीक्षार्थियों ने भी परीक्षा व्यवस्था को संतोषजनक बताया और कहा कि प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं से उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
कुल मिलाकर, जमशेदपुर में जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच संचालित हो रही है, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
