राज्य ललित कला अकादमी के समारोह में 21 महिला कलाकारों को मिला सम्मान

झांसी, 20 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में लखनऊ स्थित लाल बारादरी में आयोजित भव्य समारोह में झांसी की डॉ. श्वेता पांडेय को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रदेशभर से चयनित 21 महिला कलाकारों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
झांसी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए श्वेता पांडे, समन्वयक बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया। समारोह में प्रत्येक कलाकार को 11 हजार रुपये, प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अकादमी के अध्यक्ष सुनील कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि “मिशन शक्ति” के तहत महिला कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजन निरंतर किए जाएंगे। डॉ. श्वेता पांडेय का कला क्षेत्र में योगदान बहुआयामी रहा है। उन्होंने विभिन्न कला प्रदर्शनी, कार्यशालाओं और संगोष्ठियों का सफल संचालन किया है। उनकी कलाकृतियों में भारतीय संस्कृति, सामाजिक सरोकार और नारी संवेदनाओं का सशक्त चित्रण देखने को मिलता है। दिल्ली, जयपुर, लखनऊ सहित कई प्रमुख शहरों में अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। लगभग 12 वर्षों के शिक्षण अनुभव के साथ वे विद्यार्थियों को कला के प्रति प्रेरित भी कर रही हैं।
यह आयोजन महिला कलाकारों के सम्मान के साथ-साथ कला के माध्यम से सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया
