मालदा, 2 अप्रैल (हि.स.)। विधानसभा चुनाव-2026 से ठीक पहले मालतीपुर विधानसभा क्षेत्र में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है। बुधवार रात कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए जालालपुर के प्रभावशाली नेता एमदादुल हक तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। जिला अध्यक्ष अब्दुर रहीम बक्स़ी के हाथों पार्टी का झंडा थामकर उन्होंने आधिकारिक रूप से सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस में वापसी की।

एमदादुल हक का राजनीतिक सफर कई दलों से होकर गुजरा है। 2011 से पहले वे वामपंथी खेमे के करीबी थे। सत्ता परिवर्तन के बाद शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में तृणमूल में शामिल हुए । बाद में शुभेंदु अधिकारी के भाजपा में जाने पर वे भी भाजपा में शामिल हुए। इसके बाद कांग्रेस में जाकर पंचायत चुनाव लड़ा, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब एक बार फिर तृणमूल में शामिल होने से मालतीपुर की राजनीतिक समीकरणों में नया मोड़ आ गया है।
इस सीट पर कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार मौसम बेनजीर नूर हैं, जो गनीखान चौधरी की भांजी है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि तृणमूल ने कांग्रेस के मजबूत गढ़ को कमजोर करने के लिए यह रणनीतिक कदम उठाया है।
तृणमूल में शामिल होने के बाद एमदादुल हक ने कहा कि कांग्रेस में उन्हें उचित सम्मान और महत्व नहीं मिल रहा था, इसलिए उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए यह निर्णय लिया। वहीं, जिला अध्यक्ष अब्दुर रहीम बक्स़ी ने इस शामिल होने का स्वागत करते हुए दावा किया कि इससे मालतीपुर में संगठन और मजबूत होगा।
दूसरी ओर, कांग्रेस नेता सैयद मंज़रुल इस्लाम ने इस घटनाक्रम को ज्यादा महत्व नहीं देते हुए कहा कि दल बदलने से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता। उन्होंने भरोसा जताया कि क्षेत्र की जनता विकास और ईमानदारी के आधार पर कांग्रेस प्रत्याशी मौसम नूर का समर्थन करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
