नई दिल्ली, 28 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक राम बाबू शर्मा की 17वीं पुण्यतिथि पर कबूल नगर शाहदरा स्थित श्री साईं मंदिर में श्रद्धांजलि सभा एवं निःशुल्क स्वास्थ्य व नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने राम बाबू शर्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सेवा शिविर के दौरान 500 से अधिक जरूरतमंदों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां एवं चश्मे वितरित किए गए।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व सांसद जयप्रकाश अग्रवाल, राम बाबू शर्मा के सुपुत्र एवं पूर्व विधायक विपिन शर्मा, पूर्व विधायक एवं यमुना पार विकास बोर्ड के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली, पार्षद शिवानी पांचाल, पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज, समाजसेवी पारस शर्मा (पिंकी) उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जयप्रकाश अग्रवाल ने कहा कि राम बाबू शर्मा एक दूरदर्शी, कर्मठ, सिद्धांतनिष्ठ और जनप्रिय नेता थे, जिनका संपूर्ण जीवन जनसेवा और संगठन निर्माण को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल के नेता के रूप में उनके कार्य आज भी प्रेरणास्रोत हैं।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अनिल चौधरी ने कहा कि राजीव भवन का निर्माण स्वर्गीय राम बाबू शर्मा का ऐतिहासिक योगदान है, जो आज भी कांग्रेस संगठन की वैचारिक शक्ति और लोकतांत्रिक संघर्षों का केंद्र बना हुआ है। पूर्व विधायक अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि राम बाबू शर्मा का जीवन इस बात का जीवंत उदाहरण है कि राजनीति सत्ता की नहीं बल्कि समाज और लोकतंत्र की सेवा का माध्यम होनी चाहिए।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव
