रांची, 17 मार्च (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस समिति (अनुशासन समिति) की ओर से अनुशासन के उल्लंघन के मामले में कड़ा निर्णय लेते हुए समिति के चेयरमैन डॉ रामेश्वर उरांव ने महशर इमाम और सच्चिदानंद सिंह, गिरिडीह और सिमडेगा जिला के नमिता बा, आकाश सिंह, दिलीप तिर्की, शिशिर मिंज, पतरस एक्का के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।

जारी आदेश के अनुसार महशर इमाम और सच्चिदानंद पर लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने के कारण उन्हें पूर्व में कारण बताओ नोटिस 13 जनवरी को जारी किया गया था। उन्होंने 18 जनवरी को प्रस्तुत जवाब असंतोषजनक पाया।
वहीं सिमडेगा जिला के नमिता बा, आकाश सिंह, दिलीप तिर्की, शिशिर मिंज, पतरस एक्का पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के खिलाफ नगर निकाय चुनाव में काम करने का आरोप लगा है। उनके स्पष्टीकरण और जिला अध्यक्ष के प्रस्तुत साक्ष्य देखने से यह स्पष्ट हुआ कि उनलोगों ने पार्टी का अनुशासन का अनुपालन नहीं किया। इसे लेकर प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति ने सभी लोगों को कांग्रेस संविधान के अनुशासनात्मक नियमों का उल्लंघन मानते हुए उक्त सभी को तत्काल प्रभाव से प्राथमिक सदस्यता से 03 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak
