बीजापुर, 16 मार्च (हि.स.)। जिले के भैरमगढ़ विकासखंड में बंद पड़े तेंदूपत्ता फड़ों को पुनः खोलने की मांग काे लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी भैरमगढ़ ने मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भैरमगढ़ को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में क्षेत्र के आदिवासी एवं ग्रामीण परिवारों की आजीविका पर इसके गंभीर प्रभाव का उल्लेख किया गया है।

ज्ञापन में बताया गया है कि भैरमगढ़ ब्लॉक के टिंडोली समिति के अंतर्गत आने वाले गांवों में विरियामूमि, डालेर, हिंगुम, आड़वाड़ा, जारामोनिया, गुडरा, किसकल, कोलनार और जपील में तेंदूपत्ता फड़ बंद होने से ग्रामीणों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। फड़ बंद रहने के कारण ग्रामीण तेंदूपत्ता तोड़कर बेच नहीं पा रहे हैं, जिससे उनकी आय का प्रमुख स्रोत प्रभावित हो गया है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि यदि बंद पड़े तेंदूपत्ता फड़ों को शीघ्र पुनः प्रारंभ नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन किया जाएगा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम भैरमगढ़ को सौंपे गए ज्ञापन में चार प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें बंद पड़े तेंदूपत्ता फड़ों को तत्काल पुनः शुरू करने, भैरमगढ़ के टिंडोली समिति क्षेत्र में तेंदूपत्ता की खरीदी शुरू करने, तेंदूपत्ता की खरीदी को शासकीय व्यवस्था से हटाकर ठेकेदारी प्रणाली से कराने तथा महुआ, टोरा और इमली जैसी लघु वनोपज के समर्थन मूल्य में वृद्धि करने की मांग शामिल है।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य लच्छू राम मोडियाम, जिला कांग्रेस महामंत्री सुखदेव नाग, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नकुल सिंह ठाकुर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पार्वती कश्यप, ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री जगदेव यादव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष रतन कश्यप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे
