हरिद्वार, 10 मार्च (हि.स.)। हुनर बगैर किसी या बैसाखी के अपनी क्षमता के बल पर एक दिन बुलंदियों पर अवश्य पहुंचता है। ऐसा ही गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के बीपीएस पाठ्यक्रम के छात्र राम रघुवंश पाण्डेय ने साबित कर दिखाया है। छात्र राम रघुवंश को इंग्लैंड की काउन्टी क्रिकेट चैम्पियनशिप के लिए चुना गया है।

गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की क्रिकेट टीम के सदस्य राम रघुवंश को इंग्लैंड के ग्रन्थम किक्रेट क्लब ने छह माह की अवधि के लिए काउन्टी क्रिकेट चैम्पियनशिप के लिए चुना है। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने छात्र राम रघुवंश को व्यक्तिगत रूप से सम्मानित किया और उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने छात्र राम को भारतीय संस्कृति एवं गुरूकुलीय परम्परा का सदैव पालन करते हुए जीवन की चुनौतियों का निडरता सामना करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्र की हर संभव मदद को आश्वस्त किया है।
कठिन चयन प्रक्रिया के बाद छात्र राम रघुवंश पाण्डेय को 6 माह के प्रवास पर ग्रन्थम किक्रेट क्लब, इंग्लैंड की क्रिकेट टीम का सदस्य बनाया गया है। इस अवधि में ग्रन्थम किक्रेट क्लब l छात्र राम रघुवंश पाण्डेय का प्रशिक्षण तथा बोर्डिंग आदि का सम्पूर्ण व्यय क्लब करेगा और प्रतिमाह एक लाख रुपये पारिश्रमिक भी देगा। छात्र राम रघुवंश पाण्डेय ने बताया कि अप्रैल 2026 में इंग्लैंड जाने के लिए वीजा की प्रक्रिया के लिए ग्रन्थम किक्रेट क्लब की ओर से पत्र जारी कर दिया है। इंग्लैंड आने-जाने का पूरा व्यय भी क्लब वहन करेगा।
कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार, वित्ताधिकारी प्रो. वीके सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. एलपी पुरोहित, आईक्यूएसी डायरेक्टर प्रो. पंकज मदान, मीडिया सेल के अध्यक्ष डॉ. अजीत तोमर, जनसम्पर्क अधिकारी डॉ. शिवकुमार चौहान, कुलभूषण शर्मा, हेमन्त नेगी आदि ने भी छात्र को बधाई दी। विश्वविद्यालय क्रिकेट टीम तथा सक्रिय प्रशिक्षक रहे दुष्यंत सिंह राणा, शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शिवकुमार चौहान, डॉ. कपिल मिश्रा, डॉ. अनुज कुमार, अश्वनी कुमार ने भी राम रघुवंश पाण्डेय की उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
