कानपुर, 11 मार्च (हि.स.)। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने बुधवार को बिना अनुमति विकसित की जा रही अवैध कालोनियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 11 बीघे में की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में प्रवर्तन जोन- वन बी की टीम ने की।

विशेष कार्याधिकारी एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने ग्राम चिरान और ग्राम कटरी ख्यौरा में चल रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दो जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध रूप से बनाई गई सड़कों, नालों, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभों, पिलरों, एंट्री गेट और अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया।
प्राधिकरण के अनुसार, ग्राम चिरान में राघव, सुमेर व अन्य लाेगाें ने लगभग छह बीघा भूमि पर और ग्राम कटरी ख्यौरा में बलराम सिंह चौहान के अलावा अन्य लाेगाें ने लगभग पांच बीघा भूमि पर बिना प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। दोनों स्थानों पर मिलाकर करीब 11 बीघा क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माणों को केडीए ने ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर राम औतार, मनोज कुमार, राज कुमार और लाल सिंह सहित थाना बिठूर की पुलिस टीम भी मौजूद रही।
अफसराें ने बताया कि बिना अनुमति जमीन की प्लाटिंग कर भोले-भाले लोगों को धोखा देकर प्लाट बेचे जा रहे थे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की प्लाटिंग करने से पहले कानपुर विकास प्राधिकरण से अनुमति और स्वीकृति लेना अनिवार्य है। उन्होंने लोगों से अपील की, कि केवल केडीए से स्वीकृत काॅलोनियों में ही प्लाट खरीदें, नक्शा और ले-आउट की जांच अवश्य करें। जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से जानकारी प्राप्त कर लें। केडीए ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।——————-
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
