प्रयागराज, 17 मार्च (हि.स.)। भारत न्याय अभियान ने गोविंदपुर क्षेत्र में किसानों की संक्रमणीय जमीन पर कब्जे को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। अभियान की संयोजक अनु सिंह ने मंगलवार को मीडिया से वार्ता करते हुए कहा कि गोविंदपुर क्षेत्र में एमएनएनआईटी से सटी किसानों की संक्रमणीय भूमि पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय अपना दावा कर रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित जमीन पर कई किसानों का पुश्तैनी से कब्जा चला आ रहा है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से विश्वविद्यालय प्रशासन निजी सुरक्षा गार्डों के माध्यम से जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। काश्तकारों का कहना है कि गोविंदपुर तालुका असदुल्लापुर, परगना एवं तहसील प्रयागराज में उनकी अलग-अलग आराजी की जमीन है, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये में है।
किसानों ने बताया कि सदर तहसीलदार के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक से जमीन की पैमाइश भी कराई जा चुकी है, जिसके दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। इसके बावजूद उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। इस संबंध में भारत न्याय अभियान की ओर से काश्तकारों के साथ जिलाधिकारी प्रयागराज से मुलाकात कर जमीन से जुड़े दस्तावेज सौंपे गए और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई। जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अनु सिंह ने चेतावनी दी कि यदि किसानों का उत्पीड़न नहीं रुका, तो वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत करेंगे। जरूरत पड़ने पर न्यायालय का भी रुख करेंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
