कुपवाड़ा, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा ज़िले में एक सड़क दुर्घटना में एक बुज़ुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। ये सभी लोग एक ही गाड़ी में सफ़र कर रहे थे।

अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि एक वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर जेके01एक्यूं-9452 जिसे गागल के रहने वाले फरीद अहमद मीर चला रहे थे, वावोरा से कुपवाड़ा की ओर जा रही थी। वावोरा के मुख्य चौक के पास ड्राइवर ने कथित तौर पर गाड़ी से अपना नियंत्रण खो दिया। इसके बाद गाड़ी सड़क किनारे लगे एक पेड़ से टकरा गई।
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में पाँच लोग घायल हो गए। घायलों में ग़ुलाम नबी मीर (65), सलीम अहमद मीर (55), मुक्ति बेगम (70) और हुस्ना बेगम (65) शामिल हैं। ये सभी गागल के ही रहने वाले हैं।
घायलों को तुरंत इलाज के लिए सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल सोगम और कुपवाड़ा ले जाया गया। हालांकि, ग़ुलाम नबी मीर ने कुपवाड़ा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अधिकारियों ने आगे बताया कि पुलिस ने इस घटना का संज्ञान ले लिया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA
