जोधपुर, 09 फरवरी (हि.स.)। कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर में 14 फरवरी को आयोजित होने वाले कृषि विज्ञान मेला-2026 की विवरणिका का विमोचन संसदीय कार्य एवं विधि मंत्री जोगाराम पटेल ने किया। विमोचन के मौके पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वीएस जैतावत, निदेशक, प्रसार शिक्षा, डॉ सेवाराम कुमावत, निदेशक पीएमई, डॉ रामदेव सुतालिया व सह निदेशक, प्रसार डॉ एम एस चांदावत मौजूद रहे।

इस मौके पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वीएस जैतावत ने कहा कि प्रदेश के किसानों को कृषि क्षेत्र की नई तकनीकियों से समृद्ध करने के उद्देश्य से इफको व आत्मा के सहयोग से विश्वविद्यालय की ओर से इस मेले का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान आईसीएआर के संस्थान, विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी कंपनी, एफपीओ, एनजीओ विभिन्न प्रगतिशील किसानों सहित अन्य ढाई से तीन हजार किसानों की सहभागिता रहेगी।
कैबिनेट मंत्री पटेल ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भूमि पुत्रों की सबसे अहम भूमिका होती है ऐसे में मेले के दौरान नवाचार एवं उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी होगी। उन्होंने कुलगुरु से विश्वविद्यालय की ओर से किये जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए अधिक से अधिक किसानों तक तकनीकी पहुंचानें की बात कही।
डॉ सेवाराम कुमावत ने बताया कि मेले के दौरान कृषि के नवाचारों एवं प्रौद्योगिकी को दर्शाती विभिन्न स्टॉल्स लगाई जाएगी। उन्होंने जानकारी दी की मेले के दौरान कृषक वैज्ञानिक संवाद वैज्ञानिक प्रक्षेत्रों का भ्रमण, उन्नत किस्मों का प्रदर्शन, मिट्टी और पानी के नमूनों की जांच सहित अन्य विविध आकर्षण शामिल होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
