रांची, 03 फ़रवरी (हि.स.)। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय जनजातीय कल्याण मंत्री जुएल उरांव से मुलाकात की और सिल्ली विधानसभा क्षेत्र के सोनाहातु प्रखंड में चोकाहातु स्थित मेगालिथ साइट को यूनेस्को विश्व धरोहर के रूप में जल्द घोषित करने के संबंध में चर्चा किया।

मौके पर सुदेश ने कहा कि मेगालिथ साइट का संरक्षण करने, पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और विश्व धरोहर का दर्जा दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया तेज करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि चोकाहातु भारत का सबसे बड़ा महापाषाण स्थल है। मुंडा जनजाति के हड़गड़ी रस्म के लिए इस्तेमाल होने वाला यह स्थल हजारों वर्ष प्राचीन है।
यह स्थान शोक मनाने का स्थान कहलाता है, जहां ग्रेनाइट पत्थरों के नीचे मृतक की अस्थियां दफनाई जाती हैं।
सुदेश ने झारखंड में आदिवासी कल्याण से संबंधित योजनाओं के संबंध में भी केंद्रीय मंत्री से चर्चा की और ज्यादा से ज्यादा राशि उपलब्ध कराने का आग्रह केंद्रीय मंत्री से किया। उन्होंने बुंडू में स्टेच्यू ऑफ उलगुलान स्मारक विकसित करने के संबंध में भी चर्चा किया और इसमें केंद्रीय मंत्री को सहयोग करने का आग्रह किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak
