लखनऊ, 09 फरवरी (हि.स.)। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के परिसर में बनी अवैध मजारों को हटाने के लिए केजीएमयू प्रशासन ने सोमवार को दूसरी बार नोटिस चस्पा कर 28 फरवरी तक मोहलत दी है। इससे पहले केजीएमयू प्रशासन ने 23 जनवरी को पांच मजारों पर नोटिस चस्पा 15 दिन में हटाने का निर्देश जारी किया था। 15 दिन में केवल आर्थोपेडिक विभाग के पास बनी मजार से ही जवाब आया है। जवाब में कहा गया कि यह मजार पुरानी है जबकि यह कब की है इसका जिक्र नहीं किया गया है। सभी मजार कमेटियों को 28 फरवरी तक कुल सचिव के समक्ष अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया है।

केजीएमयू के प्रवक्ता डा.के.के.सिंह ने बताया कि क्वीनमेरी अस्पताल के बगल, रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के सामने, माइक्रोबायोलॉजी विभाग, ट्रॉमा सेंटर परिसर, आर्थोपेडिक सुपर स्पेशियलिटी भवन और टीजी हॉस्टल परिसर में अवैध मजार है। इन स्थानों पर बनी मजार की वजह से मरीजों को दिक्कत होती है। इसलिए केजीएमयू ने अवैध मजार को हटाने का फैसला किया है। 28 फरवरी के बाद इनको हटाने की प्रक्रिया केजीएमयू प्रशासन अपने स्तर से करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन
