मेदिनीपुर, 04 फ़रवरी (हि. स.)। चुनाव से पहले पश्चिम मेदिनीपुर जिले के केशपुर में एक बार फिर राजनीतिक तनाव देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी ने तृणमूल कांग्रेस पर अपने कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाया है।

भाजपा नेताओं के अनुसार, इस कथित हमले में 12 कार्यकर्ता घायल हुए हैं।

भाजपा का दावा है कि मंगलवार को केशपुर इलाके में पार्टी कार्यकर्ताओं पर योजनाबद्ध तरीके से हमला किया गया। घटना के विरोध में मंगलवार रात को ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने पश्चिम मेदिनीपुर जिले के पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन कर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
वहीं, तृणमूल कांग्रेस ने आरोपों को पूरी तरह नकार दिया है। बुधवार सुबह जिला परिषद सदस्य एवं तृणमूल नेता मोहम्मद रफीक ने कहा कि मंगलवार को इलाके में भाजपा कार्यकर्ता पिकनिक मना रहे थे। शराब के नशे में आपसी विवाद के चलते ही मारपीट हुई, जिसका तृणमूल कांग्रेस से कोई संबंध नहीं है।
जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मंगलवार रात तक इस संबंध में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। अधिकारी ने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।
बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस को घटना की जानकारी देने के बावजूद उन्हें धमकाया गया। भाजपा का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
