कैथल, 03 मार्च (हि.स.)। जिले में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। इसमें एक व्यक्ति से 18 लाख 22 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई है। ठग ने उसे ऑनलाइन निवेश के जरिए भारी मुनाफा कमाने का झांसा दिया और फर्जी कंपनी में रकम निवेश करवा ली। जब पीड़ित ने अपनी राशि वापस निकालने की कोशिश की तो वह सफल नहीं हो सका। इस संबंध में पीड़ित ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। पुंडरी निवासी बृजभूषण ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि इस वर्ष 12 जनवरी को उसके व्हाट्सएप नंबर पर एक व्यक्ति का संदेश आया। संदेश में निवेश के जरिए कम समय में अधिक लाभ कमाने का दावा किया गया था। लालच में आकर उसने भेजे गए लिंक पर क्लिक किया और दिए गए नंबर पर संपर्क किया। आरोपी ने उसे एक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ दिया। ग्रुप में शेयर किए गए लिंक पर अपनी जानकारी भरने और रकम निवेश करने के निर्देश दिए गए। आरोपी के झांसे में आकर उसने बताए अनुसार अलग-अलग चरणों में कुल 18 लाख 22 हजार रुपये निवेश कर दिए।पैसे निकालने की कोशिश नाकामनिवेश के बाद जब बृजभूषण ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो उसे सफलता नहीं मिली। वेबसाइट और संबंधित प्लेटफॉर्म से राशि ट्रांसफर नहीं हो सकी। इस पर उसने आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसने कॉल उठाना बंद कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी ने धोखे से उससे 18 लाख 22 हजार रुपये ठग लिए हैं। उसने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उसकी रकम वापस दिलाने की मांग की है।पुलिस ने दर्ज किया केससाइबर थाना के जांच अधिकारी जसवीर सिंह ने मंगलवार को बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

