कैथल, 10 मार्च (हि.स.)। विदेश भेजने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले आरोपियों के खिलाफ जिला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में दंपति को कनाडा भेजने के नाम पर लाखों रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक उपासना के निर्देशानुसार मामले की जांच इकोनॉमिक सेल प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश के नेतृत्व में एएसआई सुरेंद्र सिंह की टीम द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान जिला जींद के गांव बराह खुर्द निवासी विजेंद्र को काबू कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार काे बताया कि डेरा दाबन, सीवन निवासी गुरशरण कौर की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार करीब दो वर्ष पहले सीवन निवासी विजेंद्र ने उन्हें बताया कि वह एक ऐसे एजेंट को जानता है जो उनका और उनके पति का कनाडा का वीजा लगवा सकता है। इसके बाद विजेंद्र ने उनसे सभी दस्तावेज लेकर पानीपत निवासी एजेंट रवि राणा से संपर्क करवाया और बताया कि वीजा लगने पर लगभग 20 लाख रुपये खर्च आएंगे। कुछ समय बाद आरोपियों ने दंपति को वीजा लगने की बात कहकर नकली स्टीकर वीजा दे दिया। इसके बाद विजेंद्र ने टिकट करवाने के नाम पर पहले दाे लाख 60 हजार रुपये अपने खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। आरोप है कि इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर आरोपियों ने उनसे करीब 15 लाख रुपये नकद व ऑनलाइन माध्यम से ले लिए।
बाद में आरोपियों ने टिकट रद्द होने का बहाना बनाकर कलायत निवासी एजेंट उमरपाल का नंबर दे दिया। उमरपाल ने भी टिकट करवाने का झांसा देकर शिकायतकर्ता से करीब पांच लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए और एक जून 2024 को फ्लाइट होने की बात कही।
जब शिकायतकर्ता अपने पति के साथ फ्लाइट पकड़ने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे तो जांच के दौरान पता चला कि उन्हें दिया गया वीजा पूरी तरह से फर्जी है। इसके बाद जब उन्होंने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने राशि लौटाने से इंकार कर दिया और उन्हें धमकाने लगे।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने पैसे वापस दिलाने का झांसा देकर धोखे से उसकी जमीन भी रवि राणा के नाम करवा ली, लेकिन इसके बावजूद न तो पैसे लौटाए और न ही जमीन वापस की। इस संबंध में थाना सीवन में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे
