कैथल, 09 फ़रवरी (हि.स.)। कैथल की नई अनाज मंडी स्थित एक गोदाम से चोर हजारों रुपये की धान की बोरियां चोरी कर ले गए। घटना देर रात की बताई जा रही है, जब आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।गोदाम मालिक मॉडल टाउन, जींद रोड निवासी विकास ने शहर थाना में शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उनकी नई अनाज मंडी में आढ़त की दुकान है और मंडी के पास उन्होंने धान स्टॉक रखने के लिए एक गोदाम किराए पर लिया हुआ है। इस गोदाम में बासमती धान की कुल 860 बोरियां रखी गई थीं। जब वे गोदाम में और धान रखवाने पहुंचे तो देखा कि लोहे के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर जांच करने पर पाया कि दीवार में बनी हवा की खिड़की की ईंटें तोड़ दी गई थीं और ईंटें अंदर गिरी हुई थीं।स्टॉक मिलान करने पर 46 बोरियां गायब मिलीं। बाद में निगरानी के दौरान पता चला कि रात करीब साढ़े तीन बजे दो युवक मोटरसाइकिल पर आए और गोदाम से धान की बोरियां चोरी कर ले गए। जब तक मालिक वहां पहुंचते, आरोपी फरार हो चुके थे।शहर थाना के जांच अधिकारी रणदीप सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे
