कैथल, 08 फ़रवरी (हि.स.)। कैथल में करीब 30 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। मृतक की बहन ने शहर के कुछ फाइनेंसरों पर उसके भाई को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान प्रताप गेट, कैथल निवासी 30 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है। उसकी बहन पूजा ने शहर थाना में दी शिकायत में बताया कि उनके पिता श्याम लाल पुरानी सब्जी मंडी में आटा चक्की पर काम करते हैं और मां सुदेश देवी बीमार रहती हैं।
परिवार में पहले ही छोटे भाई राजेश की बीमारी से मौत हो चुकी है। राहुल टिफिन सर्विस का काम करता था। रविवार दोपहर राहुल घर आया और सीधे छत पर बने कमरे में चला गया। करीब 15 मिनट बाद जब पूजा उसे देखने गई तो राहुल चौबारे की छत पर उल्टियां कर रहा था। परिजन उसे तुरंत शहर के एक निजी अस्पताल लेकर गए। मरने से पहले राहुल ने बताया कि उसने कुछ फाइनेंसरों से पैसे लिए थे, जिन्हें वह समय पर लौटा नहीं सका। इसके चलते उसके मोबाइल पर लगातार फोन आ रहे थे। जिसके चलते उसने जहर निगल लिया। शहर थाना के जांच अधिकारी राजीव ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे
