कैथल, 16 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से आरंभ हो रही हैं। परीक्षाओं को लेकर कैथल की उपायुक्त अपराजिता ने साेमवार काे जिले के विद्यार्थियों के नाम एक संदेश जारी किया । उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा को तनाव या बोझ के रूप में न लें, बल्कि आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ इसे एक अवसर के रूप में स्वीकार करें।उपायुक्त ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि परीक्षा के समय घबराहट होना स्वाभाविक है, लेकिन यह याद रखना आवश्यक है कि कोई भी परीक्षा व्यक्ति के संपूर्ण व्यक्तित्व का आकलन नहीं करती। यह केवल ज्ञान, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास की परीक्षा होती है।उपायुक्त अपराजिता ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि अब किसी नए विषय को पढ़ने के बजाय पहले से पढ़े गए पाठ्यक्रम का पुनरावलोकन करें। उन्होंने कहा कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार लें, पर्याप्त नींद लें और समय पर सोने व उठने की आदत बनाए रखें। पूरी नींद लेने से मानसिक तनाव कम होता है और एकाग्रता में वृद्धि होती है।उन्होंने विद्यार्थियों से परिणाम की चिंता न करने और अपनी मेहनत पर विश्वास रखने की अपील की। सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा कक्ष में प्रवेश करना ही सफलता की कुंजी है।उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। नकल रहित परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण बनाए रखा जाएगा, ताकि विद्यार्थी बिना किसी बाहरी व्यवधान के अपनी परीक्षा दे सकें।

उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से भी अनुरोध किया कि वे बच्चों पर अंकों का अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उन्हें सकारात्मक और सहयोगात्मक वातावरण प्रदान करें। उपायुक्त अपराजिता ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि ईमानदारी और परिश्रम से दी गई परीक्षा ही सच्ची उपलब्धि होती है। अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन पर विश्वास रखते हुए बिना किसी भय के अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे
