कैथल, 04 फ़रवरी (हि.स.)। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कलायत क्षेत्र में पुलिस ने एक ही दिन में दो कार्रवाई करते हुए हेरोइन तस्करी और अवैध शराब पर शिकंजा कसा है।

एंटी नारकोटिक सेल कैथल की टीम ने कलायत क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सैंसी बस्ती कलायत निवासी दीपक को 6.20 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित काबू किया। पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी एसआई राजकुमार के नेतृत्व में एसआई बलराज की टीम कलायत बाइपास क्षेत्र में गश्त व संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने पक्की गली फिरनी सजुमा रोड, कलायत से आरोपी को हिरासत में लिया।

मौके पर पहुंचे एईटीओ कैथल जतिन कुमार की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी की जेब से पॉलीथिन में हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरी ओर थाना कलायत पुलिस ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांव काैलेखां में एक चलती अवैध शराब भट्ठी का पर्दाफाश किया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एचसी प्रदीप कुमार की टीम ने सूचना के आधार पर जयप्रकाश निवासी गांव काैलेखां के मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मौके से 70 लीटर लाहण, 10 बोतल शराब और शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए। आरोपी को काबू कर थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे
