
कोकराझार (असम), 14 मार्च (हि.स.)। कोकराझार में मेरा युवा भारत (एमवाई भारत) द्वारा आयोजित पांच दिवसीय कोकराझार में अंतर-जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस कार्यक्रम में कछार जिले से आए युवा प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के बीच सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देना, नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना था।

पांच दिनों तक चले इस कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान सत्र, नेतृत्व विकास कार्यशाला, समूह चर्चा, खेलकूद गतिविधियों तथा विभिन्न संस्थानों के अध्ययन भ्रमण में भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को विभिन्न संस्कृतियों और परंपराओं के बारे में जानने, अपने विचार साझा करने और आपसी सहयोग व मित्रता के संबंध मजबूत करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों और मार्गदर्शकों ने युवाओं को नेतृत्व, सामुदायिक विकास और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस दौरान आयोजित संवाद सत्रों और टीम-बिल्डिंग गतिविधियों ने युवाओं को एक साथ काम करने, अनुभव साझा करने और सामाजिक परिवर्तन के लिए नए विचार विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य संसाधन व्यक्तियों के रूप में डॉ. विवेक पांडेय (जिला टीबी अधिकारी, कोकराझार), डॉ. वसीम अख्तर बारी (कोकराझार कैंसर अस्पताल), डॉ. हसमत अली (सहायक प्रोफेसर, फकीराग्राम कॉलेज), डॉ. शशांक शेखर शर्मा (सहायक प्रोफेसर, डोतमा कॉलेज) तथा युवा आइकन मिस नेहा थापा, जिन्होंने वर्ष 2021 में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव में असम का प्रतिनिधित्व किया था, ने युवाओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जिलों की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित करने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन को और भी जीवंत बना दिया। प्रतिभागियों ने अपने-अपने जिलों की सांस्कृतिक विरासत प्रस्तुत कर आपसी सम्मान और समझ को बढ़ावा दिया।
समापन अवसर पर मेरा युवा भारत, कोकराझार के जिला युवा अधिकारी हिमांशु कुमार ने कहा कि इस तरह के युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम युवाओं के बीच एकता और आपसी समझ को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रतिभागी इस कार्यक्रम से प्राप्त अनुभव और ज्ञान को अपने-अपने क्षेत्रों में समाज के विकास के लिए उपयोग करेंगे।
कार्यक्रम का समापन एक सम्मान समारोह के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी संसाधन व्यक्तियों, स्वयंसेवकों, प्रतिभागियों और संबंधित संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
यह अंतर-जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम युवाओं को सशक्त बनाने और विभिन्न जिलों के बीच सहयोग को प्रोत्साहित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ, जो युवा भागीदारी के माध्यम से एक सशक्त और एकजुट राष्ट्र के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा
