कोकराझार (असम), 12 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को कोकराझार के ग्रीन फील्ड मैदान में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में कई प्रमुख विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से असम तथा विशेष रूप से बोड़ोलैंड टेरिटोरिल रीजन (बीटीआर) क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़े कदम उठाए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री असम माला 3.0 के अंतर्गत 3,217 करोड़ रुपये की लागत से 883 किलोमीटर सड़कों के निर्माण तथा राज्य के 34 जिलों में 36 नए पुलों के निर्माण की परियोजनाओं का वर्चुअल भूमि पूजन करेंगे। इसके साथ ही बीटीआर क्षेत्र में लगभग 1,101 करोड़ रुपये की लागत से छह प्रमुख सड़क अवसंरचना परियोजनाओं, जिनमें चार फ्लाईओवर और दो पुल शामिल हैं, का भी शिलान्यास किया जाएगा।
इसके अलावा रेलवे मंत्रालय के अंतर्गत बासंबाड़ी में लगभग 256 करोड़ रुपये की लागत से वैगन पीरियोडिक ओवरहॉलिंग (पीओएच) वर्कशॉप की स्थापना की भी घोषणा की जाएगी, जिससे क्षेत्र में रेलवे अवसंरचना को मजबूती मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा कई महत्वपूर्ण रेल सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी। इनमें कामाख्या–चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, नारंगी–अगरतला एक्सप्रेस तथा गुवाहाटी–न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस शामिल हैं।
कार्यक्रम में असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल तथा बीटीसी प्रमुख हग्रामा महिलारी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
ग्रीन फील्ड मैदान में दोपहर 2:15 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के साथ-साथ बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं। प्रधानमंत्री के इस दौरे को क्षेत्र के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे बीटीआर और पूरे असम में बुनियादी ढांचे के विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा
