फिरोजाबाद, 14 मार्च (हि.स.)। जीआरपी टूंडला पुलिस ने शनिवार को तस्करी कर ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब पकड़ी है। मौके से दो युवकों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के बाद इन्हें जेल भेजा है।

टूंडला रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर जीआरपी, आरपीएफ व सीआईबी की टीमें शनिवार को चेकिंग कर रहीं थीं। तभी उन्हें प्लेटफार्म के पूर्वी छोर में दो युवक ट्रेनों के एसी कोच में चलने वाले अटेंडेंट की वर्दी में बैठे दिखाई दिए। टीम ने उनसे पूछताछ करने का प्रयास किया, इसी बीच वे भागने लगे। तभी पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने पकड़े गए युवकों के बैगों की तलाशी ली तो उनके दो बैग से 28 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपितों ने अपना नाम राजीव मंडल निवासी चिमटा, कचरी थाना हासनाबाद 24 परगना पश्चिम बंगाल व शपथ बागड़ी निवासी गांव अर्जुनी थाना मोनेश्वर वीरभूम पश्चिम बंगाल बताया है।
थानाध्यक्ष मोनू आर्य ने बताया कि पकड़ी गई शराब की अनुमानित कीमत 28 हजार रुपये है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपितों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़
