नई दिल्ली, 10 मार्च (हि.स.)। केंद्र सरकार ने कोलकाता पोर्ट स्थित ऐतिहासिक बासक्यूल पुल के नवीनीकरण को मंजूरी दी है। इस परियोजना पर 117.54 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे, जिससे श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट, कोलकाता के डॉक सिस्टम की सुरक्षा और परिचालन क्षमता को बढ़ावा मिलेगा।

केंद्रीय पोत, नौवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ‘विरासत भी, विकास भी’ की सोच के साथ आगे बढ़ रही है। यह परियोजना एक महत्वपूर्ण विरासत संपत्ति को संरक्षित करते हुए आधुनिक तकनीक से उसे सुरक्षित, तेज और अधिक कुशल पोर्ट संचालन के लिए तैयार करेगी।
मंत्रालय ने बताया कि करीब छह दशक पुराने इस दो लेन के बासक्यूल पुल का निर्माण मूल रूप से वाग्नर-बिरो ब्रिज सिस्टम्स एजी ने किया था। अब इसमें व्यापक संरचनात्मक मजबूती और इलेक्ट्रो-मैकेनिकल अपग्रेड किए जाएंगे। प्रस्ताव का मूल्यांकन 16 फरवरी 2026 को मंत्रालय की डेलीगेटेड इन्वेस्टमेंट बोर्ड की बैठक में किया गया था।
117.54 करोड़ रुपए की इस परियोजना को लगभग 41 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता सागरमाला कार्यक्रम के तहत मिलेगी। परियोजना का क्रियान्वयन रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) द्वारा किया जाएगा और कार्य मुंबई स्थित एचएंडएच फ्रेसीनेट कंपनी को सौंपा गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर
