बदायूं, 12 अप्रैल (हि.स.)। गर्मी से राहत पाने के लिए रविवार काे गंगा में नहाने गए पांच बच्चे डूब गए। एक बच्चे की डूबने से मौत हो गई, दो बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि दो सगे भाई अभी भी लापता हैं। उनकी तलाश में गोताखोरों की टीम लगातार रेस्क्यू कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, उसहैत थाना क्षेत्र के खजुरा गांव के जंगल के पास रविवार को गंगा में नहाने के दौरान पांच बच्चे अचानक गहरे पानी में फंस गए। गांव निवासी जमादार यादव के बेटे सिंकू (15), केशव (10), पिंटू (08), संतोष का बेटा अखिलेश (14) और सोरन का बेटा नन्हे (16) गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में उतरे थे। नहाते समय सभी बच्चे संतुलन खो बैठे और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए और तुरंत गोताखोरों को बुलाकर बचाव कार्य शुरू कराया गया।
रेस्क्यू के दौरान सिंकू, नन्हे और अखिलेश को बाहर निकाला गया, लेकिन अखिलेश की हालत गंभीर थी और उसने दम तोड़ दिया। वहीं केशव और पिंटू का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। दोनों सगे भाइयों की तलाश में फ्लड पीएसी और गोताखोर लगातार सर्च अभियान चला रहे हैं। सूचना मिलते ही सीओ रानी सुनील सिंह मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। एक बच्चे की मौत और दो भाइयों के लापता होने से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन बदहवास हैं और गांव में शोक व चिंता का माहौल बना हुआ है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक
