-ग्रामीणों ने दाे हमलावरों काे पीट पीट कर किया अधमरा

हमीरपुर, 27 जनवरी (हि.सं.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिलेे के राठ क्षेत्र के पराखेड़ा गांव में मेला/रामलीला में आपसी वाद-विवाद में गाेलियां चल गईं। फायरिंग में ग्राम प्रधान जौहर सिंह राजपूत का भतीजा पृथ्वीराज घायल हाे गया। भगदड़ के बीच ग्रामीणों ने दो हमलावरों को पीट पीटकर अधमरा कर दिया।

मंगलवार को पुलिस ने पीड़ित के पिता की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। पराखेड़ा गांव में आयोजित मेले में बीती रात हुए विवाद के बाद दो पक्षों में गाली गलौज और मारपीट हो गई। जिसके बाद दबंगों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग शुरू कर दी। कई राउंड फायरिंग करने से ग्राम प्रधान जौहर सिंह राजपूत के भतीजे पृथ्वीराज की जांघ में गोली जा धंसी। गंभीर रूप से घायल होने पर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फायरिंग के बीच ग्रामीणों ने बाइक से भाग रहे प्रदीप निवासी ग्राम बल्लायं थाना खरेला महोबा व ब्रजकिशोर निवासी ग्राम अनघोरा को दबोच लिया और पिटाई कर अधमरा कर दिया। सीएचसी से इन्हें भी उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना मेले में लगने वाले जुएं के फड़ को लेकर हुई है।
सीओ राजीव प्रताप सिंह का कहना है कि गोली लगने से घायल पृथ्वीराज को सीएचसी से झांसी रेफर किया गया है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों की जांच कराई जा रही है। पीड़ित के पिता की तहरीर पर धारा-109 बीएनएस व 3/25 आयुध अधिनियम के तहत चार नामजद आरोपिताेंं के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
