गुना, 10 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिले में गादेर घाटी पर मंगलवार को एलपीजी गैस से भरे एक टैंकर को अज्ञात ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे टैंकर का मुख्य वाल्व टूट गया और एलपीजी गैस का तेजी से रिसाव शुरू हो गया। हालांकि, चालक की तत्परता और रेस्क्यू टीम की त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के मुताबिक, गैल विजयपुर बॉटलिंग प्लांट से लगभग 20 टन एलपीजी गैस भरकर टैंकर बनारस के लिए रवाना हुआ था। मंगलवार सुबह जैसे ही टैंकर नेशनल हाईवे-46 पर गादेर घाटी के समीप पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर का वाल्व क्षतिग्रस्त हो गया और गैस का रिसाव पूरे इलाके में फैलने लगा। घाटी क्षेत्र होने के कारण गैस का दबाव और हवा की दिशा किसी भी अनहोनी की ओर इशारा कर रही थी।
घटना के तुरंत बाद टैंकर चालक शैलेन्द्र सिंह ने घबराने के बजाय तत्काल गैल प्लांट और स्थानीय प्रशासन को सूचित किया। सूचना मिलते ही गैल की विशेष रेस्क्यू टीम और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा के लिहाज से ट्रैफिक को रोका गया और विशेषज्ञ टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद रिसाव पर काबू पाया। रिसाव बंद होने के बाद टैंकर को सुरक्षा घेरे में वापस प्लांट भेजा गया।
इस संबंध में एएसआई ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। टैंकर चालक और रेस्क्यू टीम की इस फुर्ती की सराहना की जा रही है, क्योंकि रिसाव के दौरान एक छोटी सी चिंगारी भी पूरे इलाके को राख में बदल सकती थी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
