-मौके से नहीं मिला सुसाइड नोट, पुलिस जांच में जुटी

गुरुग्राम, 10 फरवरी (हि.स.)। यहां सोहना रोड स्थित एक कंपनी की इमारत की आठवीं मंजिल से कूदकर कंपनी के प्रबंधक ने आत्महत्या कर ली। इस घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर छानबीन की, लेकिन कोई ऐसा सुबूत या सुसाइड नोट नहीं मिल पाया, जिससे कि मौत के कारणों का पता चल सके। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि पुलिस गहनता से जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार की अलसुबह करीब चार बजे यहां सोहना रोड स्थित सेक्टर-49 में स्पेज आईटी पार्क की इमारत की आठवीं मंजिल की बालकॉनी से एक व्यक्ति ने कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान वरुण शंकर के रूप में हुई। वह इसी कंपनी में प्रबंधक के पद पर कार्यरत था। इस घटना की सूचना पाकर सेक्टर-50 थाना से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस इमारत में पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस प्राथमिक तौर पर इसे आत्महत्या मान रही है। सेक्टर-50 पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक सुखबीर ने मंगलवार को बताया कि कंपनी के कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। मृतक के परिवार को भी सूचित कर दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर
