-प्रॉपर्टी मालिक ने निगम व पुलिस को शिकायत देकर की कार्रवाई की मांग

गुरुग्राम, 02 फरवरी (हि.स.)। यहां एक प्रॉपर्टी का टैक्स नहीं भरने पर नगर निगम गुरुग्राम ने प्रॉपर्टी के मेन गेट को सील कर दिया। इसके बावजूद वहां गेट के ऊपर से सामान निकाल लिया गया। इस तरह से नगर निगम की सील की अवेहलना की गई। इसकी शिकायत नगर निगम व एसपीआर पुलिस चौकी में सोमवार को दी गई।यहां सेक्टर-15 पार्ट-2 निवासी प्रणव मंगला ने नगर निगम आयुक्त व पुलिस को शिकायत देकर कहा कि वर्ष 2017 में उन्होंने बेगमपुर खटोला सेक्टर-35 में अपनी प्रॉपर्टी को विक्टोरियल मैनेजिस ग्रुप के विवेक शर्मा को नौ साल की लीज पर दिया था। इस दौरान सबलेट (किराये पर लिए हुए को किराये पर देना) का कोई नियम, शर्त को शामिल नहीं किया गया था। विवेक शर्मा ने प्रॉपर्टी लीज पर लेने के बाद कथित तौर पर कभी किराया समय पर नहीं दिया। इसी प्रॉपर्टी का नगर निगम में प्रॉपर्टी टैक्स भी बकाया है। प्रणव मंगला ने कहा कि उन्हें इस प्रॉपर्टी का किराया ही नहीं मिल रहा है तो वे नगर निगम को टैक्स कहां से दें। इसके चलते नगर निगम ने प्रॉपर्टी को सील कर दिया। सीलिंग के बाद वहां पर कुछ काम नहीं किया जा सकता। इसी बीच किरायेदार विवेक शर्मा ने लेबर लगाकर बिल्डिंग से सामान निकलवाना शुरू कर दिया। मेन गेट पर सीलिंग होने के बावजूद गेट के ऊपर से ही सामान निकलवाकर गाड़ी में लोड कर ले गया। प्रवण मंगला ने शिकायत में कहा है कि किरायेदार विवेक शर्मा ने नगर निगम की सील होने के बाद भी वहां से सामान निकालकर नगर निगम के नियम का उल्लंघन किया है। नगर निगम व पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर
