काेटा, 20 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित होने से स्थानीय स्तर पर उत्पन्न व्यवधान का असर रेलवे के रनिंग रूमों पर भी पड़ा, जिससे लोको पायलट एवं रनिंग स्टाफ के लिए भोजन व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बनने लगी थी। इस चुनौतीपूर्ण स्थिति में कोटा मंडल प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की, जिससे रेल परिचालन निर्बाध बना रहा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि रनिंग स्टाफ की सुविधा एवं रेल परिचालन की निरंतरता को ध्यान में रखते हुए उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में कोटा मंडल के रनिंग रूम कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, बयाना, मोतीपुरा चौकी एवं झालावाड़ सिटी में इन्फ्रारेड कुक टॉप एवं आवश्यक बर्तनों की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से की गई। इस पहल से गैस आपूर्ति बाधित होने के बावजूद भोजन बनाने की प्रक्रिया सुचारु रूप से जारी रखी जा सकी।
इस त्वरित निर्णय के परिणामस्वरूप रनिंग स्टाफ को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई और वे अपने दायित्वों का निर्वहन नियमित रूप से करते रहे। इससे कोटा मंडल में रेल संचालन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा और यात्रियों को निर्धारित समयानुसार ट्रेन सेवाएँ उपलब्ध होती रहीं।
रेलवे प्रशासन द्वारा विपरीत परिस्थितियों में भी समयबद्ध निर्णय लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करना यात्रियों को सुरक्षित, नियमित एवं विश्वसनीय रेल सेवा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव
