हुगली, 21 फ़रवरी (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के गोघाट में शनिवार को पुरसूरा विधानसभा क्षेत्र में पेट्रोल पंप निर्माण के लिए मंदिर तोड़े जाने के विरोध में आयोजित ब्लॉक स्तरीय विरोध रैली के बाद भाजपा और माकपा के कई नेता एवं समर्थक तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए।

यह शामिल होने का कार्यक्रम गोघाट-(एक) पंचायत समिति के ब्लॉक प्रमुख काजल रॉय तथा पंचायत समिति सदस्य विजय रॉय (पीएसएस) की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
गोघाट ब्लॉक-(एक) के रघुबाटी ग्राम पंचायत क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के गोघाट मंडल-(दो) के उपाध्यक्ष हरु पंडित, बाली क्षेत्र के कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) के नेता शेख मोनी, शेख बाबुलाल, जयजीत मोल्ला सहित साओरा ग्राम पंचायत के कई परिवार तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुल 30 परिवारों ने भाजपा और माकपा छोड़कर तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर नव-शामिल सदस्यों ने कहा कि वे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व और राज्य सरकार की नीतियों से प्रभावित होकर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए हैं।
तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व ने दावा किया कि गोघाट और आसपास के इलाकों में पार्टी का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है और आने वाले दिनों में अन्य दलों से और भी नेता व समर्थक तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
