हुगली, 09 फ़रवरी (हि. स.)। जिले के गोघाट थाना अंतर्गत हाजीपुर इलाके में सोमवार सुबह दो हाथियों के अचानक घुसने से इलाके में दहशत फैल गई। सबसे पहले अर्जुनगेड़िया इलाके के एक निवासी ने खेत में हाथियों को देखा, जिसके बाद खबर तेजी से फैल गई और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही गोघाट थाने की पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

सूत्रों के मुताबिक, स्थानीय निवासी स्वप्न मलिक ने सबसे पहले खेत में दो हाथियों को देखा। इसके बाद हाथी खेतों को पार करते हुए गांव की ओर बढ़ गए। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा होने लगे। किसी भी तरह के हादसे से बचने के लिए पुलिस और वन विभाग के कर्मचारी कड़ी निगरानी रखे हुए हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है कि हाथियों और लोगों के बीच कोई टकराव न हो।

फॉरेस्ट रेंजर अशरफुल इस्लाम ने बताया कि फिलहाल दोनों हाथी झाड़ियों के बीच छिपे हुए हैं, जिस कारण वनकर्मियों को वहां तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। उनका अनुमान है कि ये हाथी पश्चिम मेदिनीपुर की सीमा पार कर गोघाट इलाके में पहुंचे हैं।
हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल में वापस भेजने के लिए हुल्ला पार्टी और ट्रैंक्विलाइजेशन टीम को सूचना दे दी गई है। वन विभाग की ओर से स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
