मीरजापुर, 31 जनवरी (हि.स.)। जिले में गो तस्करी के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने शनिवार को कड़ी कार्रवाई की है। विकास खंड लालगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत दुबार देवघटा सोनवर्षा के ग्राम प्रधान श्याम बहादुर पटेल को पंचायत राज अधिनियम-1947 की धारा-12 के तहत तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई गो तस्करी प्रकरण में उनकी संलिप्तता पाए जाने के बाद की गई।

इसके साथ ही जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी कृष्ण लाल को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी लालगंज को निर्देशित किया है कि ग्राम पंचायत के कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए नियमानुसार ग्राम सभा की बैठक कराई जाए और निर्वाचित सदस्यों में से किसी एक को अस्थायी ग्राम प्रधान का प्रभार दिया जाए।
इसके अलावा निराश्रित गोवंश आश्रय स्थल उरूवा सोनवर्षा, लालगंज में अभिलेखीय और स्थल पर संरक्षित गोवंशों की संख्या में अंतर पाए जाने, गोवंशों की टैगिंग न होने तथा शासकीय कार्यों में रुचि न लेने जैसे गंभीर आरोपों के चलते पशुधन प्रसार अधिकारी जगदम्बा प्रसाद सिंह, राजकीय पशु सेवा केंद्र लहगंपुर को भी निलंबित कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गो संरक्षण और शासकीय दायित्वों में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
