दोनों पक्षों ने पुलिस को दी शिकायत, पुलिस जांच में जुटी

प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन, प्रधान ने कहा कि नहीं चलेगी रंगदारी
हाथरस, 31 जनवरी (हि.स.)। बिसावर की अस्थाई गौशाला में शुक्रवार शाम गौ सेवकों और गोपालकों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना के बाद दोनों पक्षों ने कोतवाली सादाबाद में एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गौशाला पहुंचे कुछ गौ सेवकों ने गोपालकों के साथ अभद्रता और मारपीट की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने पर उन्होंने गौ सेवकों को दौड़ाकर पीटा। विवाद के बाद शनिवार को बड़ी संख्या में गौ सेवक सादाबाद के मथुरा मार्ग स्थित एसबीजे इंटर कॉलेज के पास वीर गोकुला जाट की प्रतिमा के सामने एकत्रित हुए। उन्होंने ग्राम प्रधान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शासन-प्रशासन से कार्रवाई और गौशाला की निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं, ग्राम प्रधान जगवेंद्र चौधरी ने इन आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि खुद को गौ सेवक बताने वाले ये युवक दूसरे जनपद के हैं और आए दिन गोपालकों के साथ मारपीट व रंगदारी करते हैं। प्रधान ने आरोप लगाया कि ये लोग गौशालाओं में अव्यवस्थाओं के वीडियो बनाकर चौथ वसूली का खेल खेलते हैं। प्रधान चौधरी ने बताया कि बिसावर की गौशाला का संचालन पूरी तरह व्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है और यहां किसी की रंगदारी नहीं चलने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन किसी भी समय जांच करा सकता है। कोतवाली प्रभारी योगेश कुमार ने शनिवार काे बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम मनीष चौधरी ने भी बताया कि पुलिस जांच कर रही है और वे अपने स्तर से भी मामले की जांच करा रहे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना
