जयपुर, 07 मार्च (हि.स.)। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चौमूं थाना इलाके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से करीब 11.300 किलोग्राम गांजा और 2 लाख 65 हजार 450 रुपये नकद बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर(अपराध) मनीष अग्रवाल ने बताया कि सीएसटी टीम लगातार मादक पदार्थ तस्करों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि चौमूं के भट्टों की गली स्थित खिजूर वाली ढाणी के पास अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आशीष कुमावत निवासी चौमूं को पकड़ा और तलाशी के दौरान आरोपित के पास से 11.300 किलो अवैध गांजा, 2,65,450 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है कि वह गांजे की खेप कहां से लाया था और इसे किन लोगों को सप्लाई करने वाला था।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करें और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
