– ग्वालियर में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न

ग्वालियर, 07 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिये सभी विभागों के समन्वय से सार्थक प्रयास हों। यातायात प्रबंधन का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए।

यह बात शनिवार को क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह ने जिला यातायात समिति की बैठक में कही। कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में विधायकगण मोहन सिंह राठौर, सुरेश राजे व साहब सिंह गुर्जर, भाजपा के ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, कलेक्टर रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, एडिशनल एसपी अनु बेनीवाल सहित समिति के सदस्य दीपक अग्रवाल, डॉ. राकेश अग्रवाल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
सांसद कुशवाह ने बैठक में ब्लैक स्पॉट, विद्युत पोल शिफ्टिंग, पार्किंग व्यवस्था, यातायात नियंत्रण के लिये सीसीटीव्ही कैमरे, स्कूल बस के नियमित परीक्षण के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन के लिये शहर में वैकल्पिक मार्गों का चिन्हांकन भी किया जाए। इसके लिये लोक निर्माण विभाग, पुलिस विभाग, नगर निगम एवं परिवहन विभाग का संयुक्त दल गठित किया जाए। यह दल सम्पूर्ण शहर में यातायात प्रबंधन के लिये वैकल्पिक मार्गों का चयन करे ताकि वैकल्पिक मार्गों को व्यवस्थित कर यातायात को और सुदृढ़ बनाया जा सके। क्षेत्रीय सांसद कुशवाह ने पोल शिफ्टिंग की समीक्षा करते हुए कहा है कि यातायात में बाधक सभी पोल शिफ्टिंग का कार्य तत्परता के साथ किया जाए।
नगर निगम एवं विद्युत मंडल के अधिकारी समन्वय स्थापित कर कार्य को तीव्र गति से करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया है कि हजीरा से चार शहर का नाका तक फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव एवं एजी ऑफिस से चन्द्रबदनी नाका तक सिक्सलेन सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार किया जाए। क्षेत्रीय सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि स्मार्ट सिटी एवं नगर निगम के माध्यम से शहर में लगाए गए सीसीटीव्ही कैमरों की निरंतर मॉनीटरिंग कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही जिले में जो भी ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं उनके सुधार का कार्य संबंधित विभागीय अधिकारी अभियान के रूप में करें। की गई कार्रवाई से आगामी बैठक में अवगत कराया जाए। बैठक में स्कूल बसों की नियमित जाँच के आदेश भी दिए गए। इसके साथ ही शहर में यातायात व्यवस्था की बेहतरी के लिये पार्किंगों का बेहतर संचालन हो, यह भी सुनिश्चित किया गया। ग्वालियर में संचालित ई-रिक्शा एवं ऑटो संचालन को व्यवस्थित करने की दिशा में भी सार्थक प्रयास करने की बात कही गई। सांसद कुशवाह ने नगर निगम एवं निर्माण विभाग के अधिकारियों को यह भी कहा है कि यातायात प्रबंधन की दृष्टि से जो सड़कें आवश्यक हैं उसके निर्माण का कार्य प्राथमिकता से किया जाए ताकि शहरवासियों को बेहतर यातायात की सुविधा उपलब्ध हो सके।
शीतला माता रोड के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण सड़कों पर भी विद्युत व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर रुचिका चौहान ने जिले में यातायात प्रबंधन के लिये किए जा रहे प्रयासों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने पुलिस विभाग के माध्यम से यातायात प्रबंधन के लिये किए गए कार्यों के संबंध में प्रजेंटेशन के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने नगर निगम के माध्यम से सड़कों के सुधार एवं यातायात प्रबंधन के लिये किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी देते हुए आगामी दिनों में होने वाले कार्यों की भी जानकारी दी।
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि आईएसबीटी से बसों का आवागमन जल्द से जल्द शुरू कराएं। उन्होंने आईएसबीटी के अनुसार बसों के परमिटों में बदलाव की कार्रवाई जल्द से जल्द पूर्ण हो। बैठक में बताया गया कि प्रथम चरण में आईएसबीटी से भिण्ड व मुरैना की ओर आने-जाने वाली बसों का संचालन प्रस्तावित है। कलेक्टर ने कहा कि इसके लिये शीघ्र ही संयुक्त बैठक आयोजित की जायेगी। पोल शिफ्टिंग के काम में ढिलाई न हो शहर के यातायात में बाधक बन रहे विद्युत पोल की शिफ्टिंग को संबंधित अधिकारी गंभीरता से लें। नगर निगम एवं विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर शेष पोल शिफ्टिंग का काम जल्द से जल्द पूर्ण कराएं।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
