पश्चिम मेदिनीपुर, 08 फरवरी (हि.स.)। आसन्न विधानसभा चुनाव की औपचारिक घोषणा से पहले ही पश्चिम मेदिनीपुर जिले के घाटाल विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी ने चुनावी बिगुल फूंकना शुरू कर दिया है। शनिवार को घाटाल ब्लॉक के विशालाक्षी मोड़ इलाके में बीजेपी विधायक शीतल कपाट ने खुद दीवार लिखकर चुनाव प्रचार की शुरुआत की।

विधायक ने कहा कि जब पार्टी चुनावी युद्ध का ऐलान करती है, तो वे एक सैनिक की तरह इसमें शामिल होते हैं। उनके अनुसार, 2026 का यह विधानसभा चुनाव अस्तित्व बचाने की लड़ाई है, इसलिए तैयारी अभी से शुरू कर दी गई है।
घाटाल अनुमंडल में तीन विधानसभा सीटें हैं – घाटाल, दासपुर और चंद्रकोणा। 2021 के विधानसभा चुनाव में दासपुर और चंद्रकोणा में तृणमूल कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी, जबकि घाटाल सीट बीजेपी के खाते में गई थी। यही कारण है कि इस बार घाटाल सीट दोनों पक्षों के लिए प्रतिष्ठा का विषय बनी हुई है।
इस बीच, बीजेपी की इस जल्दबाजी पर विपक्षी दलों ने भी तीखा कटाक्ष किया है। रविवार सुबह तृणमूल कांग्रेस के घाटाल ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप मांझी ने इसे नाटक करार देते हुए कहा कि विधायक शायद डर के चलते दोबारा टिकट की दावेदारी पक्की करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता अब बीजेपी की ओर नहीं देखेगी। वहीं, माकपा नेता चिन्मय पाल ने भी तंज कसते हुए कहा कि विधायक केवल अपनी व्यक्तिगत दावेदारी पक्की करने के लिए दीवार लिख रहे हैं।
चुनाव की तैयारियों के बीच दिलचस्प बात यह है कि अभी तक मतदाता सूची के संशोधन (स्पेशल इंटेंसिव रिविजन) का अंतिम काम पूरा नहीं हुआ है और न ही चुनाव आयोग ने कोई आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इसके बावजूद घाटाल में चुनावी सरगर्मी शुरू हो चुकी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
