मीरजापुर, 03 मार्च (हि.स.)। चंद्रग्रहण को देखते हुए मंगलवार को मां विंध्यवासिनी मंदिर के कपाट निर्धारित अवधि तक बंद रहेंगे। ग्रहण समाप्ति के बाद विधि-विधान से पूजन-अर्चन और आरती के उपरांत श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन की अनुमति दी जाएगी।

श्रीविंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने बताया कि सूतक काल के कारण मंदिर के कपाट दोपहर 3 बजकर 15 मिनट से रात 8 बजे तक, कुल 4 घंटे 45 मिनट के लिए बंद रहेंगे। इस दौरान मंदिर परिसर में नियमित पूजा-पाठ स्थगित रहेगा।

उन्होंने बताया कि शास्त्रीय परंपराओं के अनुसार ग्रहण के समय मंदिरों के द्वार बंद कर दिए जाते हैं। ग्रहण समाप्त होने के बाद शुद्धिकरण और विशेष पूजन के पश्चात ही दर्शन की प्रक्रिया पुनः प्रारंभ की जाती है।
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय का ध्यान रखते हुए दर्शन की योजना बनाएं, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
