


चंपावत, 31 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चम्पावत दौरे के दौरान जिले के विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं और विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

दौरे की शुरुआत गांधी चौक में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने यहां स्थापित 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का अनावरण किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चम्पावत को “आदर्श जनपद” के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि जिले में गोलज्यू कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर और साइंस सेंटर जैसी परियोजनाएं विकास के नए आयाम स्थापित करेंगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट के साथ सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर इलाज मिलेगा। वहीं लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण और सीमा क्षेत्र में ड्राई पोर्ट जैसी योजनाएं रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कुल 36.82 करोड़ रुपये की 17 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें सड़क निर्माण, पार्किंग, स्वास्थ्य सेवाओं और संचार सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान वीर सैनिकों, वीर नारियों और पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, अध्यक्ष जिला पंचायत आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, अध्यक्ष नगर पालिका चंपावत श्रीमती प्रेमा पांडेय, लोहाघाट गोविंद वर्मा, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, प्रदेश मंत्री निर्मल महारा, विधायक प्रतिनिधि चंपावत प्रकाश तिवारी, टनकपुर दीपक रजवार, पूर्व विधायक लोहाघाट पूरन फर्त्याल, भाजपा महामंत्री मुकेश कलखुड़िया सहित जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ जीएस खाती, व्यापार मंडल अध्यक्ष विकास शाह, सतीश पांडे, कैलाश अधिकारी, सूरज प्रहरी, सुनील पुनेठा, हेमा जोशी सहित नगर पालिका चंपावत के सभासद , जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी कर्मचारी, भूतपूर्व सैनिक, वीर नारियां व नागरिक मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी
