हमीरपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में जलालपुर रोड स्थित सरसई गांव के पास सोमवार को दहेज का सामान लेकर जा रही एक पिकअप में अचानक आग लग गई। इस में करीब 3 लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

जरिया थाने के खजुरी कछवां गांव निवासी करन सेंगर की पुत्री वर्षा की शादी विकास निवासी रिरुवा बुजुर्ग के साथ एक पैलेस में बीती रात रविवार को संपन्न हुई थी। शादी के बाद सोमवार को उपहार का सामान पिकअप में भरकर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान सरसई गांव स्थित औंता पुलिया के पास अचानक पिकअप में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। वहां मौजूद सुनील कुमार, विशाल ने बताया कि पास में जल रही चिंगारी से आग पिकअप तक पहुंच गई और पिकअप में रखी अलमारी, सोफा, टीवी, फ्रिज, कूलर, आटा-दाल समेत गृहस्थी का करीब 3 लाख रुपये का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
थाना प्रभारी दिनेश पांडेय ने बताया कि आग लगने से पिकअप में रखा फर्नीचर एवं गृहस्थी का सारा सामान जल गया है। इसकी जांच कराई जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
