प्रयागराज, 17 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित सराय इनायत थाने की पुलिस ने गत दिनों हुई लाखों की चोरी का खुलासा करते हुए मंगलवार को नसीरापुर अम्बर पास के समीप से तीन युवकों को गिरफ्तार किया। इस दाैरान लगभग सत्तर लाख रुपए के जेवरात बरामद किए हैं।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में प्रयागराज जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के मंसूराबाद निवासी यश सोनी पुत्र कृष्ण कुमार सोनी और पड़ोसी आदित्य सोनी पुत्र श्याम सुन्दर,पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के पूरापजावा बमरौली निवासी आर्यस सोनी पुत्र शत्रुधन वर्मा ने पीड़ित परिवार की एक युवती को बहला फुसलाकर जानकारी जुटाई और मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया। पुछताछ के दौरान आरोपित युवकों ने बताया कि तीनों आभूषण की दुकानों में कारीगर का काम करते हैं। गिरफ्तार आरोपितों में से एक की पीड़ित परिवार की एक युवती से इंस्टाग्राम पर बातचीत होती थी, बातचीत के दौरान ही घर में रखे जेवरात की जानकारी जुटाई और जब 9 मार्च को उक्त परिवार एक शादी समारोह में चला गया। मौके पर पाते ही रात में घर का ताला तोड़कर घर में रखे जेवरात उठा ले गए। वापस लौटने के बाद वादी ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। जांच के दौरान जानकारी मिली कि इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के माध्यम से चोरी करने वाले युवकों को जेवरात की जानकारी मिली है।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
