बेंगलुरु, 09 फ़रवरी (हि.स.)। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैचों के आयोजन को लेकर कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को राज्य के गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर से उनके सदाशिवनगर स्थित आवासीय कार्यालय में मुलाकात की।

मुलाकात के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। इसमें न्यायमूर्ति माइकल डी. कुन्हा की रिपोर्ट में की गई सिफारिशों के साथ-साथ ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी (जीबीए) तथा बेंगलुरु शहर के पुलिस आयुक्त के नेतृत्व वाली समिति द्वारा दी गई अनुशंसाओं को लागू करने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया।
गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर ने बताया कि इस मामले में आगामी 12 फरवरी को एक बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक के बाद मुख्यमंत्री के साथ चर्चा कर आईपीएल मैचों के आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
इस अवसर पर कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद, पदाधिकारी विनय मृत्युंजय, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के प्रतिनिधि राजेश मेनन सहित केएससीए और आरसीबी के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।————–
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा
