उत्तरकाशी, 08 फ़रवरी (हि.स.)।नगरपालिका परिषद चिन्यालीसौड़ ने अपने एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को सवा दो करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

आज धरासू थाने में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोज कोहली श्याम ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने नगर पालिका की ओर से अपराध नियंत्रण के लिए 42.40 लाख रुपये के सीसीटीवी कैमरे पुलिस को सौंपे जाने पर पूरी टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन कैमरों की मदद से क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

धरासू थाना नलूपानी स्थानांतरित किए जाने को लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं जनता की नाराजगी पर एसपी ने भरोसा दिलाया कि चिन्यालीसौड़ में पुलिस स्टाफ बढ़ाया जाएगा। साथ ही जनप्रतिनिधियों की मांग पर उन्होंने फायर सर्विस वाहन और स्टाफ की तैनाती के लिए उच्च अधिकारियों से वार्ता कर समाधान का आश्वासन दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली ने कहा कि पालिका बोर्ड ने बीते एक वर्ष में ‘सेवा, विकास और विश्वास’ के मंत्र पर चलते हुए शहर को आधुनिक, स्वच्छ और नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने इसके लिए पूरी टीम, जनता और मीडिया के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख रणवीर सिंह महंत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विजेंद्र सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र कोहली, सामाजिक कार्यकर्ता सुमन बडोनी, सीओ जनक पंवार, अधिशासी अधिकारी गुरजीत रावत, रेंजर अन्नराज भंडारी, सभासद बिशना देवी, लीला रावत, परवीन गुंसोला, मनवीर, जगमोहन गंगाड़ी, रमेश कोहली, प्रकाश पंवार, शालिनी भरोटियाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल
