गुवाहाटी, 09 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जहां राजनीतिक पार्टियां अपनी तैयारियों और रणनीतियों में जुट गयी हैं, वहीं केंद्रीय चुनाव आयोग की तत्परता तेज हो गयी है। इसी कड़ी में केंद्रीय चुनाव आयोग की पूर्ण टीम दो दिवसीय असम के दौरे पर आगामी 17 फरवरी को पहुंचने वाली है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, 17 एवं 18 फरवरी को चुनाव आयोग की पूर्ण टीम असम पहुंचेगी। इस दौरान सभी राजनीतिक दलों के नेतृत्व के साथ चुनाव आयोग की टीम चर्चा करेंगी।
इसके साथ ही प्रत्येक जिलों के डीसी एवं एसपी के साथ भी चुनाव आयोग की टीम चुनाव से संबंधित तैयारियों को लेकर चर्चा करेगी। वहीं मुख्य सचिव, असम पुलिस के शीर्ष अधिकारियों के साथ भी चुनाव आयोग की टीम बैठककर चुनाव से संबंधित रणनीतियों को लेकर चुनाव आयोग की टीम चर्चा करेगी।—————-
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
