रामगढ़, 30 जनवरी (हि.स.)। नगर परिषद चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी फ़ैज़ अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में विभिन्न निर्वाचन कोषांगों के पदाधिकारी और कर्मियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में व्यय प्रेक्षक इंद्रजीत सिंह भी मौजूद थे। इस दौरान सेक्टर पदाधिकारी, सेक्टर पुलिस पदाधिकारी, एफएसटी (फ्लाइंग स्क्वॉड टीम), एसएसटी (स्टेटिक सर्विलांस टीम), वीएसटी (वीडियो सर्विलांस टीम), विविटी (वीडियो व्यूइंग टीम), एटी (अकाउंटिंग टीम) एवं एलएमटी (लिकर मॉनिटरिंग टीम) के सदस्यों को निर्वाचन से संबंधित दायित्वों और कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारी और कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश देते हुए कहा कि आदर्श आचार संहिता के प्रभावी अनुपालन, अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी और निर्वाचन व्यय पर नियंत्रण सुनिश्चित करना सभी संबंधित टीमों की जिम्मेदारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
