खड़गपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। दिलीप घोष ने बुधवार को खड़गपुर टाउन के वार्ड छह में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राज्य की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही अचानक सड़कों का निर्माण शुरू हो जाता है, जबकि लंबे समय तक लोगों को कादे और पानी से भरे रास्तों से गुजरना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि वह पहले भी इस वार्ड में सांसद निधि से बनाए गए फुटपाथ के उद्घाटन के लिए आए थे, लेकिन उस समय तृणमूल कांग्रेस ने कई बाधाएं पैदा की थीं। घोष ने आरोप लगाया कि तृणमूल न तो खुद काम करती है और न ही दूसरों को करने देती है।
उन्होंने यह भी कहा कि तृणमूल के उम्मीदवार के अपने पैसे से फुटपाथ बनाने के दावे पर लोग सब समझते हैं कि पैसा कहां से आता है। उन्होंने इलाके में बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यहां न ठीक सड़क है, न पर्याप्त रोशनी और न ही पानी की व्यवस्था।
दिलीप घोष ने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार भाजपा की योजनाओं को लागू नहीं होने देती और कई योजनाओं का नाम बदलकर पेश किया जाता है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और युवाओं को काम के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने राज्य में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा भेजी गई कई योजनाओं के पैसे में भी घोटाले हुए हैं। अम्फान राहत से लेकर आवास योजना तक में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों को मदद मिलनी चाहिए थी, वे वंचित रह गए।
सभा के दौरान उन्होंने दावा किया कि खड़गपुर में पिछले कुछ वर्षों में जो भी विकास हुआ है, उसमें भाजपा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कांसाई नदी पर पुल निर्माण के लिए 304 करोड़ रुपये स्वीकृत होने की बात भी कही।
अंत में उन्होंने लोगों से भाजपा के समर्थन में भारी मतों से जीत दिलाने की अपील करते हुए कहा कि खड़गपुर की जीत पूरे पश्चिम बंगाल में परिवर्तन का संदेश दे सकती है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
