आगरमालवा, 10 मार्च (हि.स.)। आगरमालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध पीताम्बरा सर्व सिद्धपीठ मां बगलामुखी मंदिर में आगामी चैत्र नवरात्रि महापर्व 19 से 27 मार्च 2026 तक श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं लागू की हैं।

मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं तहसीलदार नलखेड़ा द्वारा जारी आदेश के अनुसार नवरात्रि के पूरे नौ दिनों तक मां बगलामुखी के गर्भगृह में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालु इस अवधि में त्रिशूल मंडप से ही माता के सुलभ दर्शन कर सकेंगे।
मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था सभी श्रद्धालुओं पर समान रूप से लागू होगी। सामान्य, वीआईपी और वीवीआईपी सहित सभी प्रकार के दर्शनार्थियों को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार ही दर्शन करने होंगे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर परिसर में अनुशासन बनाए रखें और शांतिपूर्वक दर्शन कर सहयोग प्रदान करें।
गौरतलब है कि नलखेड़ा स्थित यह पीताम्बरा सर्व सिद्धपीठ देशभर में आस्था का प्रमुख केंद्र है। नवरात्रि के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु, साधक, संत-महात्मा तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े वीआईपी और वीवीआईपी भी देवी दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान मंदिर में हवन, पूजन और विशेष अनुष्ठानों का आयोजन भी किया जाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा
