मीरजापुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। आगामी 18/19 मार्च की मध्यरात्रि से 27 मार्च तक चलने वाले चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने की। इसमें संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाएं और विंध्य पंडा समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि विंध्याचल की गलियों या सड़कों पर सीवर अथवा नाली का पानी बहता मिला तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई होगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि रेलवे स्टेशन से मंदिर, कंतित मार्ग, नए ओवरब्रिज से शिवपुर मार्ग समेत प्रयागराज व जौनपुर से आने वाले सभी प्रमुख मार्गों की मरम्मत मेला पूर्व पूर्ण कराई जाए। अखाड़ा घाट से तिलठी/हरसिंहपुर तक निर्माणाधीन पीपा पुल एक सप्ताह में तैयार करने तथा दोनों ओर बैरिकेडिंग व प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। यह पुल केवल पैदल आवागमन के लिए रहेगा।

पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि सभी लाइसेंसी शराब दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। मेला क्षेत्र में कंट्रोल रूम, खोया-पाया केंद्र, पर्याप्त बैरिकेडिंग, महिला-पुरुष पुलिस बल व प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
नगर पालिका को सफाई, शौचालय, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, घाटों पर वस्त्र परिवर्तन कक्ष व अस्थायी बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। पार्किंग स्थलों पर निर्धारित शुल्क सूची चस्पा होगी तथा कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराया जाएगा। अधिकारियों को मेला पूर्व सभी तैयारियां शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
