मुरादाबाद, 12 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में जिलाधिकारी अनुज सिंह ने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में शिक्षण संस्थान के स्तर पर छात्रवृत्ति के लंबित आवेदन पत्रों की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने कहा कि कुछ शिक्षण संस्थानों में छात्रवृत्ति के आवेदन लंबे समय तक अग्रसारित नहीं किए जा रहे हैं। ऐसे कॉलेजों की जांच कर अत्यधिक देरी करने वाले कॉलेजों की मान्यता रद्द करने के लिए कार्रवाई शुरू करने के निर्देश समाज कल्याण अधिकारी को दिए हैं।
बैठक में शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों व उनके प्रतिनिधियों को बताया कि बच्चों के छात्रवृत्ति के आवेदन विभिन्न कॉलेजों में लंबित होने के कारण जिले की रैंकिंग खराब हो रही है। नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल छात्रवृत्ति के आवेदनों को अग्रसारित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग के जिन छात्र-छात्राओं का समय से आवेदन पत्र अग्रसारित नहीं किया गया है, उनसे बात करें, कॉलेज यदि अनावश्यक देरी कर रहे हैं तो उनकी मान्यता रद्द करने के लिए पत्र भेजा जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, जिला समाज कल्याण अधिकारी पंखुरी जैन, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार पांडे, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी,व विभिन्न कॉलेजों के प्रबंधक व उनके प्रतिनिधि शामिल रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
