मीरजापुर, 10 फ़रवरी (हि.स.)। प्रयागराज उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति जय कृष्ण उपाध्याय का मंगलवार को जिगना क्षेत्र स्थित मौनी स्वामी इंटर कॉलेज परिसर में स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अपने ही विद्यालय में बतौर विशिष्ट अतिथि पहुंचे न्यायमूर्ति उपाध्याय ने न सिर्फ शिक्षा की नींव रखने वाले दिनों को याद किया, बल्कि पुरानी स्मृतियों के सहारे पूरे माहौल को भावनाओं से भर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती एवं माँ भारती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इससे पूर्व न्यायमूर्ति उपाध्याय ने सपरिवार लक्ष्मी नारायण मंदिर और दुर्गा देवी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। विद्यालय परिसर में उन्होंने संस्थापक मौनी स्वामी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कृतज्ञता प्रकट की।

स्वागत समारोह में शिक्षक शुभेंद्र शरण त्रिपाठी द्वारा प्रस्तुत संस्कृत स्वागत गीत ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। पुरा छात्र के रूप में मंच से जब न्यायमूर्ति उपाध्याय ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियाँ साझा कीं तो शिक्षक, छात्र और गणमान्य नागरिक भावविभोर हो उठे।
इस अवसर पर प्रबंधक गायत्री देवी, पूर्व प्रधानाचार्य अंगराज सिंह, महाशक्ति इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुशील कुमार सिंह, देवराज सिंह, राजेश मिश्रा, जय सिंह, विनय द्विवेदी व्यास, आनंद सिंह, पंकज सिंह सहित अनेक लोगों ने अपने गौरवशाली पुरा छात्र का आत्मीय अभिनंदन किया। उप प्रधानाचार्य आदित्य सिंह ने कुशल संचालन करते हुए कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की।
प्रबंधक गायत्री देवी ने न्यायमूर्ति जय कृष्ण उपाध्याय को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया, वहीं उनकी धर्मपत्नी विजय लक्ष्मी उपाध्याय को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लालगंज अमर बहादुर, भोलानाथ पांडेय, अभिमन्यु सिंह सहित अन्य विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। छात्रा सरस्वती देवी व जटाशंकर उपाध्याय की स्मृति में स्मृति चिन्ह भेंट कर कार्यक्रम को यादगार बनाया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
